17 दिन बाद खत्म हुआ किसान न्याय सत्याग्रह: बड़वारा में युवा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
fast News 9
chief editor -shailendra tiwari
17 दिन बाद खत्म हुआ किसान न्याय सत्याग्रह: बड़वारा में युवा कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी जिले के बड़वारा मुख्यालय में पिछले 17 दिनों से जारी युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह शनिवार को समाप्त हो गया। आंदोलन के समापन अवसर पर युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अंतिम दिन सैकड़ों कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसान और युवा विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य और किसानों के अधिकारों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। नीट परीक्षा विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे युवाओं के साथ धोखा बताया और कहा कि युवा कांग्रेस जमीनी स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह और पूर्व विधायक बसंत सिंह ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने केंद्र सरकार की विदेश व्यापार नीति और कथित ‘यूएस ट्रेड डील’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसानों के हितों पर सीधा प्रहार है। उनका कहना था कि पहले से आर्थिक संकट झेल रहे किसानों पर यह दोहरी मार साबित होगी।
स्थानीय रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कटनी जिला प्रदेश को भारी राजस्व देने वाला क्षेत्र है, लेकिन यहां के योग्य युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़वारा क्षेत्र में संचालित बिरला व्हाइट सीमेंट और जेके सीमेंट प्लांट में स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं दिए जा रहे, जबकि बाहरी राज्यों के लोगों को रोजगार मिल रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि कथित यूएस ट्रेड डील वापस ली जाए, बड़े उद्योगों में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित किया जाए और कंपनियों के CSR फंड से क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल व स्कूलों का निर्माण कराया जाए।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, उमरिया युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अंबुज सिंह, प्रदेश सचिव विक्रम प्रताप सिंह, बहोरीबंद युवा अध्यक्ष मुकेश यादव, पूर्व आदिवासी जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, जनपद सदस्य सुनील बघेल, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, बड़वारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विकास निगम, विधानसभा अध्यक्ष सचिन गर्ग, युवा नेता दीपक यादव, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment