3 किलोमीटर लंबी लाइन, 4 दिन से भूखे किसान— पटोरी साइलो खरीदी केंद्र में फूटा अन्नदाताओं का गुस्सा!
fast News 9
chief editor -shailendra tiwari
3 किलोमीटर लंबी लाइन, 4 दिन से भूखे किसान— पटोरी साइलो खरीदी केंद्र में फूटा अन्नदाताओं का गुस्सा!
तपती धूप में सड़क पर रात काटने को मजबूर किसान, पानी-छांव तक नसीब नहींकटनी/बहोरीबंद। सरकार भले ही किसानों की आय दोगुनी करने के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। पटोरी साइलो खरीदी केंद्र इन दिनों किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। यहाँ अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान पिछले 4 दिनों से लंबी कतारों में फंसे हुए हैं। हालात इतने बदतर हैं कि किसान भूख-प्यास और भीषण गर्मी के बीच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ही रात गुजारने को मजबूर हैं।
खरीदी केंद्र के बाहर करीब 3 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लाइन लगी हुई है। किसानों का आरोप है कि केंद्र पर न तो पीने के पानी की व्यवस्था है और न ही छांव के लिए कोई शेड लगाया गया है। तुलाई की प्रक्रिया बेहद धीमी होने के कारण किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
किसानों ने बताया कि कई लोग परिवार सहित अपनी उपज लेकर पहुंचे हैं, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण उन्हें खुले आसमान के नीचे दिन-रात गुजारना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह पहुंचे मौके पर
स्थिति की जानकारी मिलते ही बहोरीबंद के पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह खरीदी केंद्र पहुंचे और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई।
पूर्व विधायक ने कहा —
“यह किसानों का सीधा अपमान है। अन्नदाता 4 दिनों से सड़क पर भूखा-प्यासा बैठा है और प्रशासन पूरी तरह मौन है। अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने और तुलाई की गति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि 24 घंटे के भीतर हालात नहीं सुधरे तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।”
किसानों की प्रमुख मांगें
तुलाई प्रक्रिया तत्काल तेज की जाए
पानी और छांव की व्यवस्था की जाए
किसानों को समय पर खरीदी सुविधा मिले
अव्यवस्थाओं के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसानों की इस पीड़ा को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करेगा, या फिर पटोरी खरीदी केंद्र पर अन्नदाताओं की परेशानी यूं ही जारी रहेगी।

Comments
Post a Comment