“सर… हमें हमारा स्कूल कब मिलेगा?” — खाली बैग लेकर जनसुनवाई पहुंचे मासूम बच्चों की पुकार ने पिघलाए दिल

 fast News 9 

chief editor -shailendra tiwari 

“सर… हमें हमारा स्कूल कब मिलेगा?” — खाली बैग लेकर जनसुनवाई पहुंचे मासूम बच्चों की पुकार ने पिघलाए दिल

8 किलोमीटर दूर पढ़ने जाने को मजबूर बच्चे, हाई स्कूल की मांग को लेकर प्रशासन के सामने फूटा ग्रामीणों का दर्द

कटनी। कटनी जिला जनसुनवाई में मंगलवार को एक बेहद भावुक और मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब ग्राम चरगवा, थाना स्लीमनाबाद के स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों और ग्रामीणों के साथ अतिरिक्त कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। बच्चों ने शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अपने खाली स्कूल बैग प्रशासन को सौंप दिए और मासूम आवाज़ में सवाल किया —

“सर, हमें हमारा स्कूल कब मिलेगा?”

बच्चों की यह मासूम पुकार सुनकर जनसुनवाई में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम चरगवा एक बड़ा ग्रामीण क्षेत्र है, जिससे पाली, पुरा, पहरुआ, सल्हना सहित कई गांव जुड़े हुए हैं। बावजूद इसके यहां केवल माध्यमिक स्तर तक ही शिक्षा की व्यवस्था है।

कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए करीब 8 किलोमीटर दूर घुघर, देवरी और कोडियां जाना पड़ता है। परिवहन सुविधा न होने, आर्थिक तंगी और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के कारण विशेष रूप से बेटियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई छात्र-छात्राएं मजबूरी में बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को विवश हैं।

ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि ग्राम चरगवा में तत्काल शासकीय हाई स्कूल स्वीकृत किया जाए और आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 9वीं एवं 10वीं की पढ़ाई शुरू कराई जाए। साथ ही स्कूल भवन, शिक्षकों, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का संवैधानिक अधिकार है और शासन को ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

जनसुनवाई में बच्चों के खाली बैग और उनकी मासूम अपील ने प्रशासन सहित वहां मौजूद हर व्यक्ति को सोचने पर मजबूर कर दिया। अब देखना यह होगा कि शासन और प्रशासन इन बच्चों की पुकार कब सुनता है।

इस दौरान एडवोकेट अनिल सिंह सेंगर, सुशील सिंह, धर्मेंद्र सिंह राणा, अर्जुन कुशवाहा, सुखदेव यादव, रवि पाल, अजय चौधरी, जयकुमार कोल, बबलू यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण, छात्र एवं पालक उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

मई की चिलचिलाती धूप… आसमान से बरसती आग…फिर भी नहीं मिल रहा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका को गर्मी में अवकाश।*

बीच सड़क खूनी संघर्ष, साइड लेने के विवाद में युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला*

ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के अंतर्गत ग्राम खोहरी में ग्राम उत्सव का आयोजन*