कटनी को बड़ी सौगात दिलाने की पहल: सांसद विवेक तनखा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, कई प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
fast News 9
chief editor -shailendra tiwari
कटनीको बड़ी सौगात दिलाने की पहल: सांसद विवेक तनखा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र, कई प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
कटनी। व्यापारिक, औद्योगिक और माइनिंग हब के रूप में पहचान रखने वाला कटनी जिला रेलवे के दृष्टिकोण से भी प्रदेश का एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। लंबे समय से कटनी में विभिन्न प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग उठती रही है। इसी मांग को प्रमुखता देते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तनखा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के कटनी स्टेशन पर स्टॉपेज की मांग की है।
समाजसेवी दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ के आग्रह पर लिखे गए इस पत्र में सांसद तनखा ने गाड़ी क्रमांक 12141/42 राजेंद्र नगर–कुर्ला एक्सप्रेस, 11055/56 एलटीटी–गोरखपुर गोदान एक्सप्रेस, 11059/60 एलटीटी–छपरा एक्सप्रेस, 11053/54 एलटीटी–आजमगढ़ एक्सप्रेस, 12293/94 एलटीटी–दुरंतो सुपरफास्ट एक्सप्रेस तथा 22111/12 अमृत भारत अयोध्या एक्सप्रेस के कटनी स्टेशन पर ठहराव की मांग की है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पुणे और महाराष्ट्र क्षेत्र की यात्रा के लिए कटनी से वर्तमान में केवल 12149/50 पुणे–पटना एक्सप्रेस उपलब्ध है, जिसमें यात्रियों को आरक्षण प्राप्त करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान हेतु सांसद तनखा ने इस मार्ग पर नई ट्रेन शुरू करने की मांग की है। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 11201/02 शहडोल–नागपुर एक्सप्रेस को पुणे तक विस्तारित करने का सुझाव भी दिया है।
सांसद तनखा ने अपने पत्र में कहा है कि कटनी मुड़वारा और कटनी साउथ स्टेशन के संचालन शुरू होने से मुख्य स्टेशन पर यातायात का दबाव कम हुआ है, ऐसे में इन ट्रेनों के ठहराव से रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा और कटनी सहित आसपास के छोटे जिलों के यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि कटनी निवासी समाजसेवी कमल मोहननी द्वारा पूर्व में उठाए गए इस मुद्दे पर केंद्र सरकार ने जवाब देते हुए बताया था कि संबंधित ट्रेनों के स्टॉपेज का प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजा जा चुका है।
सांसद विवेक तनखा ने आश्वासन दिया है कि वे इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को राज्यसभा के माध्यम से भी केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे, ताकि कटनी और आसपास के लाखों रेल यात्रियों को राहत मिल सके।

Comments
Post a Comment